राजधानी में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार की रात करीब दस बजे से बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी जताए हैं।
सोमवार को राजधानी सहित मैदानी इलाकों में सुबह से मौसम खुला रहा। कुछ जगहों पर हल्का कोहरा आया। दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया। शाम छह बजे तक आसमान में बादल छा गए।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रात से बूंदाबांदी शुरू हो गई। दस बजे तक राजधानी के कई क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। बारिश की वजह से तापमान में भी करीब पांच डिग्री की गिरावट आ गई।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि राजधानी दून सहित कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ पड़ सकती है। खासतौर से चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी की वजह से मैदानी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ेगी। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को तापमान में गिरावट आ सकती है।