रविवार को दिनभर गढ़वाल में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और सभी जगह बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी से तापमान में काफी गिरावट आ गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश-बर्फबारी का अनुमान जताया है। हरिद्वार में बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। मसूरी और देहरादून में शनिवार रात से बारिश का दौर शुरू हो गया था। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे।
चमोली, रूद्रप्रयाग की ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ। दो दिन की चटख धूप के बाद केदारनाथ में रविवार दोपहर बाद फिर बर्फबारी शुरू हो गई। टिहरी में जोरदार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार को अवकाश की घोषणा कर दी है। उत्तरकाशी में भी दोपहर बाद बर्फबारी हुई।