मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। गर्मी आ चुकी है, लेकिन रह-रहकर मौसम करवट ले रहा है।
कभी तेज धूप से लोग परेशान हो रहे हैं तो कभी बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाएं राहत का अहसास दिला रही हैं। शनिवार को भी उत्तर भारत में बदले मौसम की झलक दिखी।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम की पलटी यहीं नहीं रुकेगी। पहाड़ी इलाकों में आगे मेघ भी बरसेंगे। वैसे, मौसम विज्ञानियों की मानें तो अप्रैल-मई में दो-तीन सिस्टम बनना आम है।
एक सिस्टम की कमी या बढ़ोतरी को मौसम में बदलाव का नाम नहीं दिया जा सकता। उनकी मानें तो इस बार मई माह में भी बूंदें और बारिश देखने को मिल सकती हैं।
बारिश की मुख्य वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बारिश की मुख्य वजह बनकर उभरता है। उत्तराखंड मौसम केंद्र के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार अप्रैल-मई के बाद सिस्टम नार्थ में शिफ्ट करता है।
जम्मू-कश्मीर की तरफ रुख करता है। अबकी इस माह अन्य वर्षों की अपेक्षा अच्छी बारिश हो रही है, इसमें कोई दो राय नहीं। अलबत्ता, मानसून कैसा रहेगा इस संबंध में कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगी।
एक दो सिस्टम की बढ़ोतरी या कमी को मौसम या जलवायु में बदलाव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसके समग्रता से अध्ययन की जरूरत है।
- डॉ. विक्रम, वरिष्ठ वैज्ञानिक, मौसम
बारिश, बर्फबारी से गिरा तापमान
शनिवार को कई इलाकों में मौसम फिर बदला-बदला सा रहा। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ के साथ ही अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ।
इसके साथ ही रविवार तड़के हल्की बूंदाबांदी से देहरादून जिले में फिर से ठंड का अहसास होने लगा। कुछ जगह लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। जोशीमठ, नंदप्रयाग, चमोली और गोपेश्वर में झमाझम बारिश भी हुई।
उत्तरकाशी, टिहरी में भी शनिवार की शाम को हल्की बारिश हुई। जौनसार बावर इलाके में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
रविवार को भी बौछार के आसार
रविवार को भी पहाड़ पर गरज संग बौछार, आंधी और ओलावृष्टि की आशंका है। दून के पर्वतीय क्षेत्रों मसलन, चकराता, मसूरी के अलावा टिहरी, बागेश्वर जिले में गरजन वाले बादल विकसित हो सकते हैं।
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तराखंड के अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
15 अप्रैल को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और 16 अप्रैल को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखाएगा, जिससे हल्की बारिश होगी।