प्रदेश में नए साल का स्वागत बादलों बारिश और बर्फबारी से होगा। ज्यादातर इलाकों में आज मंगलवार को बादल छाए रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है। पहाड़ के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।
विज्ञापन
सोमवार को प्रदेश के सभी इलाकों में मौसम सामान्य रहा। राजधानी देहरादून समेत सभी क्षेत्रों में सुबह से गुनगुनी धूप खिली रही। वहीं, लगातार तीसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी होने से ठंड में थोड़ी कमी आई है, लेकिन मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रह सकते हैं।
इस दौरान बारिश होने का भी अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फ गिर सकती है। इससे प्रदेश में फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं।
विज्ञापन
मंगलवार रात से बारिश तेज हो सकती है। बारिश और बर्फबारी का यह क्रम तीन जनवरी तक रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ जाएगा।