फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिगड़ैल मौसम ने बढ़ाई पहाड़ की मुश्किल

Tue, 11 Mar 2014 07:45 PM IST
अमर उजाला, गोपेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
गोपेश्वर में मौसम का बिगड़ा मिजाज जनजीवन पर भारी पड़ा है। मंगलवार को दिनभर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन


बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ से आगे अवरुद्ध हो गया है। यहां भूस्खलन फिर सक्रिय हो गया है। हाईवे पर हनुमान चट्टी से देश के अंतिम गांव माणा तक करीब दो फुट बर्फ जम गई है। कंचन नाला ग्लेशियर भी हाईवे पर करीब 20 मीटर दायरे में फैल गया है।

बीआरओ कर रहा रास्ता साफ
गोपेश्वर-ऊखीमठ मोटर मार्ग भी कांचुलाखर्क से आगे बर्फबारी होने से बंद हो गया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्नल निलेश चंदाराना का कहना है कि लामबगड़ से बैनाकुली तक हाईवे का विस्तारीकरण और सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही हनुमान चट्टी तक वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी जाएगी।
विज्ञापन


उधर, जोशीमठ ब्लॉक की उर्गम घाटी, सलूड़-डुंग्रा गांव और निजमुला घाटी के पाणा, ईराणी और झींझी गांव बर्फ में कैद हो गए हैं। जोशीमठ के पास सुनील गांव भी बर्फ से ढक गया है। निचले क्षेत्रों में बारिश होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मुख्य सचिव के केदारघाटी दौरे पर संशय

रूद्रप्रयाग में मंगलवार को केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ सहित अन्य ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। कड़ाके की ठंड पड़ने से केदारनाथ पैदल मार्ग का मरम्मत कार्य भी प्रभावित हो गया है।

बारिश से मजदूर दिनभर में कुछ ही घंटे काम कर पा रहे हैं। खराब मौसम के चलते बुधवार को प्रस्तावित प्रदेश के मुख्य सचिव सुभाष कुमार के केदारघाटी दौरे पर भी संशय बना हुआ है।

मुख्य सचिव का हेलीकॉप्टर से गौरीकुंड पहुंचकर यात्रा तैयारियों की समीक्षा करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

बर्फ से लकदक हुए देवाल के गांव

कर्णप्रयाग में रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी बना रहा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है।

पिंडरघाटी के थराली और देवाल ब्लाक के ऊंचाई वाले क्षेत्र वाण, घेस, हिमनी, तोरती, बलाण, रामपुर, सोल, ड्रुंग्री आदि गांवों में जमकर बर्फबारी हुई है।

गैरसैंण क्षेत्र में भी तेज बारिश और शीत हवाओं से दिनभर ठिठुरन बनी रही। निचले इलाकों आदिबदरी, नारायणबगड़, सिमली, लंगासू, गौचर में ठंड बढ़ गई है।
विज्ञापन

टिहरी में 13 एमएम बारिश, ठंड बढ़ी

टिहरी जिले में सोमवार रात से हो रही झमाझम बारिश से एक बार फिर से कड़ाके की ठंड लौट आई है। सोमवार को नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री था जो मंगलवार को गिरकर 2.8 डिग्री पर जा पहुंचा। जिले में 13 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।

आंधी तूफान से उखड़े होर्डिंग
कोटद्वार और भाबर के इलाके में आंधी तूफान से जनजीवन प्रभावित रहा। करीब साढे़ तीन बजे आंधी चलने से अफरातफरी मच गई।

कहीं होर्डिंग उखड़ गए तो कहीं बैनर और दुकानदारों का सामान उड़कर सड़कों पर आ गया। लैंसडौन की पहाड़ियों पर सोमवार की रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार देर शाम तक जारी रहा।

जयहरीखाल क्षेत्र में भी सोमवार रात से बारिश होने से बहुत कम लोग घर से बाहर निकले।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें