मौसम विभाग ने प्रदेश में शुक्रवार सुबह से अगले 24 घंटे में भारी बारिश के अलर्ट के साथ ही 12 व 13 अगस्त को भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक दो दिन की बारिश से भारी नुकसान की आशंका है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक शुक्रवार सुबह से अगले 24 घंटे देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके बाद 12 व 13 अगस्त को इन्हीं जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
जिसमें संबंधित जिला प्रशासन को भी आगाह कर दिया गया है। अगले तीन से चार दिन की इस बारिश में प्रदेश में कई जगहों पर भूस्खलन के साथ ही रास्ते बंद हो सकते हैं। कई जगहों पर जान-माल का नुकसान होने की भी आशंका है। उधर, चार धाम यात्रियों को सलाह दी गई है कि वह इस दौरान संभलकर चलें। जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।