भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का झूठ आज देश के सामने आ गया है। कांग्रेस ने किस प्रकार राफेल सौदे पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया था सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस व राहुल गांधी के झूठ की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी जोरशोर से जुटी है। लोकसभा सीटों को लेकर क्लस्टर बनाने और अन्य रणनीति बनाई गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने राफेल को लेकर जो झूठ फैलाया था, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर भी सवाल उठाया था। रही बात विधानसभा चुनावों में हार-जीत की तो पार्टी जीत पर ज्यादा खुश और हार पर निराश नहीं होती है, वह लक्ष्य को लेकर चलती रहती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 23 बिंदु दिए थे, उसकी हाल में समीक्षा हुई है। भाजपा पांचों सीटें जीतेगी। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि लोकसभा चुनावों में स्थितियां अलग होती हैं। लोकसभा का विजन ही अलग होता है, जो स्थितियां हैं उनका पार्टी चिंतन कर रही है। भाजपा हमेशा चुनाव को तैयार रहती है। पार्टी संगठनात्मक ढांचा मजबूत है।