महज चार माह में उधड़ी 40 लाख लागत वाली देहरादून की कारगी रोड को लोनिवि ने फिर चकाचक कर दिया।
गड्ढों में बदल गई थी सड़क
घटिया गुणवत्ता की वजह से बरसात होते ही यह सड़क गड्ढों में बदल गई थी। कारगी रोड पर गऊघाट से कारगी तक मई में सड़क का निर्माण 40 लाख रुपए की लागत से किया गया था।
बरसात के दौरान हिंदवाण जनरल स्टोर से लेकर कई जगह सड़क की बजरी उधड़ गई थी। आठ अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने ‘चार माह भी नहीं टिकी सड़क’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
इसका संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड ने नौ अक्तूबर की रात सड़क पर मरम्मत करा दी। सभी जगह गड्ढे भर दिए गए हैं।
अवैध निर्माणों पर अभियान जारी
कारगी रोड पर लोनिवि ने दूसरे दिन भी अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रखा। गुरुवार को 15 अतिक्रमण हटाए गए। सड़कों के किनारे दुकानों और घरों में बनाए गए रैंप ध्वस्त कर दिए गए।
निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता बीएन चौधरी ने बताया कि भविष्य में रैंप बनाने और सड़क पर अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
उधर, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिक एंड चूज नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इससे पेयजल लाइनें टूट गई हैं। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...