ट्रेन में आईएमए कर्मी की पत्नी का पर्स चुराने के आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। पर्स में रखा मोबाइल फोन आरोपी के पास से बरामद हुआ है। जबकि, सोने के कुंडल उसने किसी सुनार को बेच दिए हैं। पुलिस के अनुसार सुनार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एचएचओ जीआरपी त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि 25 अक्तूबर को आईएमए के बाबू संतोश चतुर्वेदी जनता एक्सप्रेस से बनारस से दून आ रहे थे। उनकी पत्नी अपने पर्स को सिर के नीचे रखकर सोई हुई थीं। रायवाला क्षेत्र में ट्रेन धीमी हुई तो एक युवक ने उनके सिर के नीचे से पर्स निकाल लिया। उन्होंने देखा कि युवक ट्रेन से कूदकर भाग गया। घटना की सूचना उन्होंने दून जीआरपी थाने को दी। उन्होंने बताया कि पर्स में उनका मोबाइल और सोने के कुंडल रखे हुए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच ऋषिकेश जीआरपी चौकी प्रभारी बलवंत पंवार को दी।
सर्विलांस के आधार पर जांच करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी धीरज गुप्ता निवासी बिजलीपुरा, शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुप्ता ने बताया कि वह ट्रेन में चाय बिक्री वाला वेंडर है। इस दौरान उसने महिला को देखा था कि वह पर्स अपने सिर के नीचे रखकर बेफिक्री से सो रही है। उसने वह पर्स चोरी कर लिया। पर्स में जो कुंडल रखे हुए थे वह उसने जेल रोड, शाहजहांपुर निवासी एक सुनार को बेच दिए हैं। एसएचओ ने बताया कि सुनार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उससे चोरी का माल बरामद किया जाएगा।