उत्तर भारत के प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार पर दर्जा मंत्री विधायक हेमेश खर्कवाल ने मेले का उद्घाटन किया।
मेले के पहले दिन सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन के पसीने छूट गए। यह मेला 5 जून तक चलेगा। धाम के प्रमुख पुजारी पं. भुवन चंद्र पांडेय ने पूजा कराई।
इसके बाद कैंप कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में दर्जा मंत्री खर्कवाल ने कहा कि पूर्णागिरि धाम में सुविधाओं का विस्तार होगा।
मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने कहा कि व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों, संस्थाओं और लोगों के सहयोग से ही मेले का सफल आयोजन होता आया है। जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी ने मेले में तैनात अधिकारी और कर्मचारियों को व्यवस्था के प्रति सजग करने की हिदायत दी।
मेला मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रवेश द्वार पर दर्शनार्थियों की एंट्री हो रही है। पहले दिन सवा लाख से ज्यादा भक्तों ने किए दर्शन किए हैं।
इस मौके पर मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम जेसएस राठौर, मेला अधिकारी शेर सिंह परगांई, मंडी समिति सभापति हरीश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, ऊषा गुरूंग, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक एचएस ह्यांकी, जलसंस्थान के एई प्रेमजी श्रीवास्तव, जेई बीएस कुवार्बी, पं. नेत्रबल्लभ तिवारी, सभासद देवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
यात्रियों का सहयोग करेगी पुलिस: एसपी
पुलिस अधीक्षक डीएस कुंवर ने कहा कि मां पूर्णागिरि के यात्रियों को पुलिस सम्मान और सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मेले में पुलिस का प्रबंधक और व्यवस्था दोनों दुरुस्त रखने का भरोसा दिया है।
पूर्णागिरि में भिखारियों पर प्रतिबंध
मां पूर्णागिरि धाम में इस बार भिखारियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। सीओ पीएस पांगती ने बताया कि एसपी के निर्देश पर टनकपुर से लेकर पूर्णागिरि धाम तक रूप बहुरुपिये भिखारियों को बसने नहीं दिया गया है।