दून डिफेंस एकेडमी (डीडीए) परिवार ने पुलवामा की पहली बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। डीडीए निदेशक संदीप गुप्ता, छात्रों, फैकल्टी और स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। लोग भावुक नजर आए।
डीडीए निदेशक ने कहा कि सैनिकों की शहादत को देश कभी नहीं भुला सकता। इस दौरान एकेडमी की उपनिदेशक दिव्या गुप्ता, एसडीओ राजेश कंडवाल, एकेडमिक हेड मनवर सिंह, मर्चेंट नेवी कोऑर्डिनेटर उमेश चंद्र कुनियाल आदि मौजूद रहे।
निकाली जागरुकता रैली
डीएवी पीजी कॉलेज के विधि विभाग ने शुक्रवार को पुलवामा में शहीद हुए जवानों की पहली बरसी पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही नशे को समाप्त करने का संकल्प लेते हुए जागरुकता रैली भी निकाली गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नशे को खत्म करने का संकल्प लिया।
कॉलेज के विधि विभाग से शुरू हुई रैली करनपुर होते हुए सर्वे चौक, डालनवाला, ईसी रोड तक गई। इसके बाद वापस कॉलेज में खत्म हुई। छात्र-छात्राएं पोस्टर और स्लोगन हाथ में लिए थे। विधि विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल दीक्षित ने कहा कि युवा ही अपने साथी को नशे से बचा सकते हैं। ऐसे में उन्हें आगे आना होगा। कहा कि छात्र-छात्राओं की टीमें बनाकर उन्हें शहर के विभिन्न हिस्सों में भेजकर नशे की समस्या के कारण और निवारण पर काम किया जाएगा।
बताया कि छात्र-छात्राओं का एक नशा विरोधी दस्ता भी तैयार किया गया है, जिसमें वर्षा धीमान, राजा रस्तोगी, प्रदीप उनियाल, मयंक बंसल, कुणाल आर्य, तरुण नौटियाल, शिवम चौधरी, श्वेता, स्वाति काजल आदि शामिल हैं। रैली में विभाग से डॉ. राजेश दुबे, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. जगत सिंह, डॉ. पुनीत सक्सेना भी शामिल रहे।