उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत के बुधवार सुबह-सवेरे किए दौरे का असर चंद घंटों में ही दिखने लगा।
गुरुवार से माजरा में सीवर लाइन कार्य के दौरान बदहाल हुई सड़क की मरम्मत का काम तो शुरू हुआ ही। साफ-सफाई भी की गई। बल्लीवाला चौक फ्लाई ओवर के काम में भी तेजी दिखी। राहत का छींटा प्रभारी मुख्य नगर अधिकारी नितिन भदौरिया को एसडीएम मसूरी के पद से हटाकर एमएनए का पूर्ण कालिक चार्ज सौंपा जाना भी रहा।
शहर के लोग कर रहे दुआ
इस त्वरित कार्रवाई के बाद गंदगी, टूटी सीवर लाइन जैसी दिक्कतों से जूझ रहे शहर के लोग दुआ कर रहे हैं, कि काश एक बार मुख्यमंत्री उनके इलाके का भी दौरा करें। लेकिन सवाल यह कि एक अकेले मुख्यमंत्री कहां-कहां जाएं? क्या-क्या करें? उनके लिए हालात कहां नीति कहां माणा, एक श्याम सिंह ने कहां-कहां तो जाणा....कहावत को चरितार्थ करने वाले हैं-
सीएम आए, राहत लाए...
मेरी राशन की दुकान है। दुकान के आगे ही बड़ा गड्ढा होने से कीचड़ जमा रहता था। सीएम के दौरे के बाद गड्ढों को भरने का काम शुरू हो गया। उम्मीद है कि जल्द राहत मिल जाएगी।
- रतन लाल, क्षेत्रवासी माजरा
माजरा में सीवर लाइन का काम एक महीने पहले ही खत्म हुआ है। अब यहां सड़क बनाने का काम शुरू हो गया है। लोगों ने इस संबंध में पहले शिकायत नहीं की। अन्य क्षेत्रों में भी अब तेजी से काम किया जाएगा।
- प्रभात राज, उप कार्यक्रम निदेशक, एडीबी
इन इलाकों को हालात बदलने का इंतजार
पटेलनगर, गुरु रोड, संजय कॉलोनी, विजय रतूड़ी, ब्राह्मणवाला मार्ग सहित शहर की तमाम सड़कों की हालत कई महीनों से खराब है। बदहाल सीवर लाइन कार्य की वजह से इनकी यह हालत हुई है।
- गोविंद मोहन, पूर्व पार्षद, पटेलनगर क्षेत्र
कई बार एडीबी अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन काम में तेजी नहीं। त्योहार आए, गए लेकिन हालात जस-के-तस हैं। दिवाली पर घरों के आगे कीचड़ था। अब होली आने को है, हालात वही हैं।
- नीरज भाटिया, क्षेत्रवासी