रुड़की और कलियर के कई होटलों व लॉज में जिस्मफरोशी का धंधा बड़े पैमाने पर चल रहा है। बाहर की युवतियों को लाकर सेक्स रैकेट चलाया जाता है। सोमवार को एक होटल में सेक्स रैकेट का खुलासा नई बात नहीं है। इससे पहले भी पुलिस कई होटलों और लॉज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर चुकी है, लेकिन इस धंधे से जुड़े लोग गुपचुप तरीके से होटलों और लॉज में रैकेट चलाते रहते हैं।
पुलिस अक्सर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करती रहती है, लेकिन देह व्यापार से जुड़े लोग बाज नहीं आते। आलम यह है कि शहर के कई होटल और लॉज ऐसे हैं, जिनमें रूम किराए पर देने की आड़ में सेक्स रैकेट संचालित हो रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद सेक्स रैकेट से जुड़े लोग कुछ दिनों तक धंधा बंद कर देते हैं।
शहर और कलियर में कई होटल और लॉज ऐसे हैं, जिनमें किराए पर रूम लेने वाले लोगों की आईडी तक जमा नहीं की जाती है। बिना आईडी के ही रूम उपलब्ध करा दिया जाता है। सोमवार को भी पुलिस ने पकड़े गए युवक और युवतियों में से कुछ की आईडी और एंट्री तो मिली, लेकिन कुछ की न ही एंट्री थी और न ही आईडी। ऐसे में पुलिस के सामने सेक्स रैकेट से जुड़े युवक और युवतियों के सही नाम व पते जुटाने में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि सभी का नाम और पता जुटाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर के ऐसे होटलों और लॉज को चिह्नित किया जा रहा है, जिनमें गलत काम होते हैं। इसके बाद ही इन होटलों और लॉज के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-चंदन सिंह बिष्ट, सीओ, रुड़की