देहरादून में किराये के मकान की आड़ में चल रही गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से छह लोग मिले, जबकि एक नाबालिग को भी वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
देहरादून पटेलनगर के हरभजवाला क्षेत्र में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। इनमें रैकेट का कथित सरगना भी शामिल है। छापे के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को रेस्क्यू किया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और बाद में उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार के संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने एक मकान में छापा मारा। यहां तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले। पुलिस ने मौके से 18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री व दवाइयां बरामद कीं।
दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर चलाता था धंधा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, कथित सरगना दिल्ली और आसपास के इलाकों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग पर देहरादून बुलाता था। ग्राहकों से व्हाट्सएप के जरिये संपर्क किया जाता था और महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक की पसंद के बाद उन्हें किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू की गई नाबालिग को आरोपी का साथी दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। आरोप है कि यहां उसे देह व्यापार के लिए मजबूर करने का प्रयास किया गया। इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने नाबालिग को मुक्त कराकर संरक्षण में लिया है।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें पॉक्सो और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।