डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के बाद शुरू हुआ एनएसयूआई और एबीवीपी का विवाद बृहस्पतिवार रात कॉलेज परिसर से निकलकर छात्रों के कमरों तक पहुंच गया। रायपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक रात करीब 10 बजे कुछ युवक अपर आमवाला, मयूर विहार क्षेत्र स्थित एक कमरे में पहुंचे। यहां सो रहे दो युवकों के साथ मारपीट की गई और दोनों को अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर जबरन बैठाकर ले जाने का आरोप है।
मामले में रायपुर थाने में बृहस्पतिवर-शुक्रवार की दरमयानी रात प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायतकर्ता राहुल धानिक के मुताबिक वह ध्रुव धपवाल के साथ डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफलिया के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु कुमार, योगेश घाघट, मनवीर नेगी, सुजीत थापा, राहुल और मोनू सरदार कुछ अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचे। दोनों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई।
एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया
प्राथमिकी के अनुसार, इसके बाद मनवीर नेगी और योगेश ने राहुल को एक एक्टिवा पर जबरन बैठाया, जबकि हिमांशु और सुजीत दूसरी एक्टिवा से ध्रुव को ले गए। राहुल का आरोप है कि उसे करनपुर में बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। वहीं ध्रुव को कथित तौर पर करनपुर स्थित एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया और वहां उसके साथ मारपीट की गई।
ये भी पढे़ं...देहरादून: किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने सरगना समेत छह को पकड़ा, नाबालिग रेस्क्यू
शिकायत में कहा गया है कि घटना की जानकारी मिलने पर एन एस यू आई नेता मुकेश बसेड़ा और अभिनव कफलिया ने विरोध किया। इसके बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।