श्री गुरु नानकदेव महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को डोईवाला में भव्य कीर्तन शोभायात्रा आयोजित की गई। गुरु महाराज की शिक्षाओं और उनके संदेश को समर्पित नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
रविवार को रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य गुरुद्वारे से सुबह 11 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा शुरू हुई। गुरु महाराज की फूलों से सजी पालकी के दर्शन के लिए जगह-जगह संगत उमड़ी। गुरुवाणी, भजन-कीर्तन और जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। बैंड बाजों और वाद्य यंत्रों की धुनों पर शोभायात्रा मिल रोड, डोईवाला चौक, मिस्सरवाला रोड, देहरादून रोड, चांदमारी, शहीद भगत सिंह तिराहे और प्रेमनगर बाजार से होते हुए वापस गुरुद्वारा पहुंचकर समाप्त हुई। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से चना, चाय, खिचड़ी, हलवा आदि के प्रसाद का वितरण किया गया।
गुरु महाराज की सुसज्जित पालकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। हिमाचल प्रदेश पांवटा साहिब की गतका पार्टी ने सिखों की पारंपरिक युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन किया। करतब देखकर लोग अचंभित हो उठे। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरदीप सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानकदेव महाराज ने पूरी मानवता को एकता, भाईचारे, समानता और सेवा का मार्ग दिखाया। आज भी उनकी शिक्षाएं समाज को सच्ची राह दिखाती है। शोभायात्रा में ब्लाक प्रमुख गौरव सिंह, कांग्रेस नेता अश्वनी बहुगुणा, ताजेंद्र सिंह ताज, मनोज नौटियाल, ईश्वरचंद अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह लाडी, सुरेंद्र खालसा, गुरुबचन सिंह, जसविंदर सिंह, अवतार सिंह, गुरपाल सिंह, प्रदीप बंगा आदि तमाम लोग शामिल हुए।