रामगढ में लीक पेयजल लाइन से बह रहा पानी। स्रोत जागरूक पाठक
विकासनगर/हरबर्टपुर। धर्मावाला क्षेत्र के रामगढ़ स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के निकट पेयजल लाइन लीक होने से ग्रामीणों के सामने कठिन स्थिति उत्पन्न हो गई है। लाइन को ठीक नहीं कराने से ग्रामीणों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नाराज ग्रामीणों ने जल संस्थान के विरुद्ध आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
रामगढ़ गांव के ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति देने वाली पेयजल लाइन पिछले काफी दिनों से लीक है। जिस स्थान पर लीकेज हैं वहां गंदे पानी का गहरा गड्ढा बना हुआ है जिसमें भारी मात्रा में कीचड़ व गंदगी जमा है। यहां से दूषित पानी लाइन से होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। स्थानीय निवासी बबलू कश्यप, मदन, वीरेंद्र चौहान, सतीश कुमार, रमेश सैनी, मुन्नू आदि ने बताया दूषित पानी के संबंध में कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की गई है लेकिन अभी तक लाइन को ठीक करने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। उन्होंने बताया दूषित पानी पीने से लोगों में संक्रमण होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा यदि शीघ्र ही लाइन को ठीक नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना, प्रदर्शन, घेराव व उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। उधर जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता सूरज कुमार ने बताया लाइन के लीक होने के संबंध में जानकारी मिली है तत्काल उसकी मरम्मत कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।