अक्सर सुर्खियों में रहने वाली देहरादून की जिला जेल के कैदियों ने बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा किया। कैदियों ने कोर्ट पेशी में लाए जाने के दौरान जेल प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
जेल में करीब 40 कैदी भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। हड़ताल तुड़वाने के लिए जेल प्रशासन ने कैदियों के साथ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सुद्धोवाला जेल में पश्चिमी उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड के कई शातिर अपराधी बंद हैं।
सुनील राठी के जेल से गैंग ऑपरेट कर विवादित जमीनों की खरीद फरोख्त करने और रंगदारी वसूली का पिछले सप्ताह ही खुलासा हुआ है। इसके बाद से जेल प्रशासन ने सुनील राठी व अन्य कुख्यात अपराधियों की निगरानी बढ़ा दी है।
इससे मुलाकातियों को परेशानी हो रही है। कई मुलाकाती कैदियों से नहीं मिल पा रहे हैं। कैंदियों से मुलाकात की जगह पर सलाखों के आगे जाली भी लगा दी गई है ताकि कोई भी कैदियों तक कोई सामान न पहुंचा सके।