आरोपी जीवन बिष्ट के रिश्तेदार सूचना मिलते ही थाने के बाहर जमा हो गए। जब पीड़ित की मां अपनी पुत्री के बयान दर्ज कराकर कमरे से बाहर आई तो आरोपी के रिश्तेदार उसे धमकाते हुए तहरीर वापस लेने का दबाव बनाते रहे।
पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी के रिश्तेदार जिसमें दो युवक शामिल थे उन्होंने थाने के बाहर धमकाते हुए कहा कि अगर तहरीर वापस नहीं ली तो उनके लिए भविष्य में अच्छा नहीं होगा। पीड़ित की दादी ने पुलिस से आरोपी के परिवार से उनके परिवार को जान का खतरा बताया है।
सितारगंज क्षेत्र के चीनीमिल के एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य ने मानवीय रिश्तों को तार तार कर दिया। प्रधानाचार्य ने अपने स्कूल के एलकेजी में पढ़ने वाली मासूम के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की मां की तहरीर के आधार पर सितारगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी जीवन बिष्ट पर पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार देर शाम मासूम की मां ने तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री बीती 9 जनवरी से स्कूल के प्रधानाचार्य जीवन बिष्ट के यहां ट्यूशन पढ़ती है। बताया कि शुक्रवार की शाम जब उनकी बच्ची ट्यूशन पढ़कर आई तो वह काफी डरी सहमी हुई थी। बताया कि जब उसने बच्ची से रोने का कारण पूछा तो मासूम ने बताया कि प्रधानाचार्य ने उसके साथ गंदी हरकत की है। मासूम की मां ने बताया कि उसकी बच्ची के गुप्तांग से खून बह रहा था। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है। संजय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।