बृहस्पतिवार को घटना की जानकारी होने पर विद्यालय की छात्राओं का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग लेकर विद्यालय में कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं होने दिया। कक्षाओं का बहिष्कार छात्राएं जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और विरोध प्रदर्शन कर आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेलने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एसपी यशवंत सिंह चौहान को शीघ्र आरोपी प्रभारी प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा। पुलिस ने छात्राओं को समझा बुझाकर विद्यालय भेजा। इसके बाद पुलिस टीम भी विद्यालय पहुंची। थानाध्यक्ष योगेंद्र गुसांई ने बताया कि बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभारी प्रधानाचार्य खेमराम खनेड़ा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आरोपी जीआईसी सावरीसैंण में तैनात हैं। पीड़िता के बयान भी लिए गए हैं।
दो अक्तूबर को जब छात्राओं को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने गांधी जयंती समारोह में शामिल होने से इंकार कर दिया। तब प्रधानाचार्य ने छात्राओं को समझा बुझाकर शांत कराया। राष्ट्रीय पर्व होने के कारण छात्राएं मान गई।
आरोपी प्रधानाचार्य पर भड़कीं छात्राएं
मामले की गंभीरता को देखते हुए बृहस्पतिवार को आरोपी प्रभारी प्रधानाचार्य जैसे ही बालिका इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य कक्ष में पहुंचे तो आक्रोशित छात्राएं उन पर भड़क उठी और प्रधानाचार्या कक्ष में ही उन्होंने अपना आक्रोश प्रकट किया। छात्राओं ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले को रफा दफा करना चाहते हैं। आरोपी प्रधानाचार्य को विद्यालय में बुलाकर पीड़ित छात्रा पर समझौते का दबाव बनाने की कोशिश की गई।