चकराता ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज, अटाल के प्रभारी प्रधानाचार्य ने प्रबंधन समिति और कुछ स्थानीय लोगों पर उनके ऊपर पद से हटने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वह जब भी विभागीय कार्य से बाहर जाते हैं तो प्रबंधन समिति समेत कुछ लोगों की ओर से इसे उनके विद्यालय से नदारद रहने की बात बताकर प्रसारित किया जाता है। प्रभारी प्रधानाचार्य और भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता राज नारायण मिश्रा ने कहा कि अभी तीन महीने पहले ही उन्होंने विद्यालय में ड्यूटी ज्वाइन की थी। बताया कि उनसे पहले एक स्थानीय मूल के शिक्षक के पास विद्यालय के प्रधानाचार्य का प्रभार था। लेकिन, वरिष्ठता के आधार पर प्रभार उनको दे दिया गया। बताया कि तब से प्रबंधन समिति ओर कुछ अन्य लोग उनसे नाराज चल रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्य शिक्षाधिकारी के आदेश पर सात से 10 नवंबर तक वह श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज पथरी बाग, देहरादून में विज्ञान प्रदर्शनी में गए थे। बताया कि उसके बाद 11 को वह यात्रा पर थे और 12 नवंबर को अवकाश था। उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी को फोन कर 15 नवंबर तक प्रतिकर अवकाश और 16 को आकस्मिक अवकाश मांगा था। उन्होंने बताया कि अक्तूबर से नवंबर तक पाठ्य पाठन प्रभावित होने की बात कही जा रही है। जबकि, 21 अक्तूबर से छह नवंबर तक विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही थी। प्रभारी प्रधानाचार्य राज नारायण मिश्रा ने कहा कि उन्हें उनकी सुरक्षा को लेकर भी खतरा महसूस हो रहा है। जिससे लेकर वह एसएसपी और खंड शिक्षा अधिकारी को भी प्रार्थना पत्र सौपेंगे।