प्रदेश सरकार किसानों का कर्ज माफ करने की स्थिति में नहीं है, लेकिन सरकार ने दो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। इससे प्रदेश के तीन लाख किसान लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही किसानों को एक लाख व महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री व सरकार की सोच है कि जब तक किसान खुशहाल नहीं होगा तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता है।
उत्तराखंड में पलायन को रोकने व किसानों को मजबूत करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय को बढ़ाने के लिए कृषि के साथ एलाइड सेक्टरों को भी जोड़ना होगा। इस अवसर पर विधायक हरबंश कपूर, विनोद चमोली, मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव सहकारिता एवं पशुपालन आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव राजस्व सुशील कुमार, राजस्व परिषद के सचिव बीएम मिश्रा, निदेशक कृषि गौरी शंकर, जिलाधिकारी देहरादून एसए मुुरुगेशन, सीडीओ जीएस रावत आदि मौजूद रहे।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में उत्तराखंड में 9 लाख 73 हजार 147 किसानों का पंजीकरण हुआ है। इसमें 4 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम पीएम किसान पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं। इस माह के अंत तक सभी लाभार्थियों के नाम पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राज्यस्तरीय शुभारंभ पर किसान पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुन रहे थे। इस दौरान गोरखपुर से मोदी ने जैसे ही योजना के डिजिटल पेमेंट का बटन दबाया। किसानों में बैंक खाते में दो हजार रुपये जमा होने की उत्सुकता बढ़ गई, अभी पीएम का संबोधन खत्म भी नहीं हुआ था कि किसानों के मोबाइल पर खाते में पहली किस्त का दो-दो हजार रुपये जमा होने का संदेश आ गया। यह पढ़ते ही किसानों के चेहरों पर खुशी झलक पड़ी।
दून में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मौजूद टिहरी जिले के कसमोली गांव के बुद्धि सिंह व हरीश चंद के मोबाइल पर सबसे पहले दो-दो हजार रुपये की राशि बैंक खाते में जमा होने का संदेश आया। इसके बाद अन्य किसानों के मोबाइल पर भी संदेश आने लगे। किसान बुद्धि सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के बारे में सोचा।
जो कहा, उसे करके दिखाया। किसान हरीश चंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट में योजना की घोषणा की और खातों में पैसा भी आना शुरू हो गया है। इस राशि से खेतीबाड़ी की जरूरतों को पूरा करेंगे। किसान रघुवीर सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की देन है कि बिना कुछ किए खाते में दो हजार की रकम आई है। खाद, बीज व दवाइयां खरीदने के लिए अब कर्ज नहीं लेना पड़ेगा।