38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए अब 24 नवंबर का इंतजार है, जब गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी (जीटीसीसी) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से नई दिल्ली में मुलाकात करने वाली है। माना जा रहा है कि जीटीसीसी उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे की रिपोर्ट उसी दिन आईओए के सामने रखेगी।
मल्टीपर्पज हॉल, वॉटर स्पोर्ट्स का किया निरीक्षण
जीटीसीसी ने बीती 16 से 18 तारीख तक देहरादून, हरिद्वार, शिवपुरी, हल्द्वानी, टिहरी और रुद्रपुर में प्रस्तावित खेलों के स्टेडियम, मल्टीपर्पज हॉल, वॉटर स्पोर्ट्स आदि का निरीक्षण किया था। इस दौरान कमेटी राज्य अतिथि के तौर पर सड़क मार्ग के अलावा हेलिकॉप्टर से भी खेल स्थानों पर पहुंची थी।
23 डीओसी नियुक्त
इस बीच राष्ट्रीय खेलों के 34 गेम्स के डायरेक्टर ऑफ कंपटीशन (डीओसी) नियुक्त करने का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी तीन डीओसी नियुक्त किए गए। अभी तक 23 डीओसी नियुक्त हो चुके हैं। इनका चयन संबंधित खेल की नेशनल फेडरेशन करती है। उस प्रतिस्पर्धा की तैयारियों में डीओसी की अहम भूमिका रहती है। तैयारियों के निरीक्षण के लिए बृहस्पतिवार को विशेष प्रमुख सचिव, खेल रुद्रपुर का दौरा करेंगे।