चारधाम यात्रा की तैयारी के मद्देनजर यात्रा मार्ग पर आने वाले 25 निकायों में सफाई का अभियान रविवार से शुरू हो गया। इन सभी निकायों में दिन में तीन चरणों में सफाई होगी। वहीं, प्रदेशभर में छिड़काव भी शुरू हो गया है। पिछले दिनों वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने चारधाम यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर बैठक ली थी।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए थे कि जितने भी निकाय चारधाम यात्रा मार्गों पर पड़ते हैं, वहां एक मई से सफाई का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। लिहाजा, शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों पर सभी निकायों में सफाई अभियान शुरू हो गया। इसके तहत रोजाना तीन चरणों में सफाई होगी। दूसरी ओर, डेंगू, मलेरिया आदि से बचाव के तहत सभी निकायों में दवाओं का छिड़काव शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें...गजराज का गुस्सा, मची चीख पुकार: जंगल सफारी पर जा रहे पर्यटकों की जान पर बन आई, चालक ने कैंटर पीछे दौड़ाया, देखें तस्वीरें
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को धामों तक सहज और सुरक्षित रूप से ले जाने के लिए परिवहन विभाग ने 580 बस और टेंपो ट्रेवरल का पूल तैयार किया है। ये पूल रोटेशन की 1804 बसों से अलग होगा। ऋषिकेश से रोडवेज की 50 बसों को चारधाम के लिए तैनात किया जा रहा है। ये बसें ऋषिकेश से सीधा केदारधाम, बद्रीनाथ धाम, गंगोत्री और यमुनोत्री जाएंगी।