रेखा आर्या दो साल पहले जिस अंदाज में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आई थीं उनकी वापसी का तरीका लगभग वैसा ही रहा। करीब डेढ़ महीने तक चली राजनीतिक उठापटक के बाद सोमेश्वर की विधायक रेखा आर्या ने आखिर लाइन बदल ली है।
न्यायालयों की तारीखों और इतने दिनों तक चली राजनीतिक खींचतान और उठापटक में दो विधायक खुलकर इधर से उधर गए हैं। जिस तरह घनसाली से भाजपा विधायक भीम लाल आर्य कांग्रेस विधायकों के साथ देखे जा रहे थे। वैसा ही दृश्य रेखा आर्या ने फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले दिखाया। मतदान के नतीजे तो सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से पता चलेंगे, जबकि भाजपा ने रेखा को खुलकर रेखा लांघने के लिए तैयार कर लिया।
अमर उजाला ने बागियों के कांग्रेस छोड़ने पर 19 मार्च को ही ‘रेखा को पाले में खींचने की तैयारी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। हालांकि तब रेखा आर्या ने ऐसा करने से इनकार किया था।