विकासनगर मुस्लिम बस्ती में ईद की नमाज अदा करते हुए लोग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
विकासनगर। ईद उल अजहा का त्योहार शनिवार को अकीदत के साथ मनाया गया। ईद के बाद यह पहला मौका था जब मुसलमानों ने ईद उल अजहा की नमाज भी अपने घरों से अदा की। घरों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
महामारी के चलते बाबूगढ़ स्थित ईदगाह हो या फिर जीवनगढ़, सहसपुर और बड़ा रामब स्थित ईदगाह और मस्जिदें। सभी जगह सन्नाटा पसरा रहा। घरों में नमाज अदा करते वक्त लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रहा। इसके बाद दावतों का दौर शुरू हुआ। लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद की तरह ईद उल अजहा पर भी सभी पिकनिक स्पॉटों पर सन्नाटा रहा जब तक पूर्व में ईद के दौरान पर्यटक और पिकनिक स्थल पर्यटकों से गुलजार हो उठते थे। मुख्य बाजार स्थित जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना कलीम साहब ने अमन चैन और भाईचारे पर जोर देते हुए मुस्लिमों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कुर्बानी और हज के बारे में बताते हुए शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। ईद के चलते नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था भी चौक चौबंद रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। खुफिया विभाग भी पूरी तरह से सतर्क रहा।