- प्रशासन की टीम ने किया निरीक्षण, एसडीएम को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर/त्यूणी। चकराता ब्लॉक की अणू पंचायत में बिना अनुमति सरकारी बंजर भूमि पर मार्ग निर्माण के मामले में प्रशासन ने प्रधान पति जयमोहन शर्मा के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार ने अवैध खनन और मार्ग निर्माण से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चालानी कार्रवाई के लिए एसडीएम को रिपोर्ट भेजी है। मामला देवघार खत के अणू पंचायत क्षेत्र का है, जहां विरशाल खड्ड से डुंगली तक लगभग 300 मीटर लंबा मार्ग बिना अनुमति सरकारी बंजर भूमि पर बनाया जा रहा था। जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष मूरतराम शर्मा और स्थानीय लोगों की शिकायत पर नायब तहसीलदार सरदार सिंह राणा राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया।
नायब तहसीलदार ने बताया कि लगभग 300 मीटर लंबा मार्ग जेसीबी से बनाया गया है। राजस्व अभिलेखों के अनुसार संबंधित भूमि बंजर श्रेणी में राज्य सरकार के नाम दर्ज है। अवैध मार्ग निर्माण और खुदाई से सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है और निर्माण के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध खनन भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में स्थलीय निरीक्षण के बाद विस्तृत जांच कर चालानी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी गई है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खान एवं खनिज (विनियमन एवं विकास) अधिनियम के तहत जुर्माना निर्धारित किया जाएगा। निरीक्षण टीम में राजस्व निरीक्षक कानूनगो सेवकराम शर्मा और राजस्व उपनिरीक्षक साधू सिंह चौहान भी शामिल रहे।