Power House Project Buried in the rubble
- फोटो : amar ujala
भारी बारिश से चमोली जिले के रैणी गांव स्थित तेरह मेगावाट की ऋषि गंगा जल विद्युत परियोजना का पावर हाउस मलबे में दब गया, जिससे विद्युत उत्पादन ठप पड़ गया।
बृहस्पतिवार को नीती घाटी में हुई जोरदार बारिश से ऋषि गंगा उफान पर आ गई। शाम करीब छह बजे जल विद्युत परियोजना के बैराज में मलबा भर गया, जिससे बैराज क्षतिग्रस्त हो गया और परियोजना में विद्युत उत्पादन करने वाली टरबाइन और दो वाहन भी मलबे में दब गए।
तहसीलदार एमएस भंडारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम परियोजना को ऋषि गंगा से नुकसान की सूचना मिली थी। परियोजना में किसी भी प्रकार की जन हानि की सूचना नहीं है। मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का पता कराया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीण रुप चंद्र का कहना है कि नीती घाटी के ऊपरी क्षेत्र में सुबह से ही बारिश हो रही थी। शाम चार बजे बाद बारिश तेज हो गई, जिससे ऋषि गंगा उफान पर आ गई और परियोजना की टरबाइन में मलबायुक्त पानी घुस गया। यहां मशीनों के साथ ही बैराज और अन्य मशीनों को भी भारी नुकसान हुआ है।