बिजली की आवाजाही ने बुधवार को उपभोक्ताओं को रुला दिया। शहर के कई स्थानों पर बिजली संकट बना रहा।
वहीं शहर के बकरालवाला क्षेत्र के निवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मांग की है कि क्षेत्र में हाई डेंसिटी ट्रांसफार्मर न लगाया जाए। इससे लोगों की जान खतरा है।
रहा बिजली का संकट
नेहरु कालोनी, चंद्रबनी रोड सेवला कला, माजरा, डालनवाला, कारगी आदि क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। बिजली थोड़ी-थोड़ी देर के लिए आई गई। इस चक्कर में लोगों के पंप नहीं चल पाए।
लोगों का कहना था कि फोन करने पर कंट्रोल रूम से जवाब मिलता रहा कि ओवर लोडिंग के कारण ट्रिपिंग हो जा रही है।
डीएम से की शिकायत
बकरालवाला क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके यहां ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इस क्षेत्र में वीआईपी लाइन से विद्युत वितरण किया जाता है। यहां ट्रांसफार्मर की कोई जरुरत नहीं है।
लोगों का कहना है कि इस संबंध में मुख्य अभियंता गढ़वाल जोन से भी बात की गई। उन्होंने आश्वासन भी दिया था लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। लोगों ने कहा कि अगर मांग न मानी गई तो आंदोलन किया जाएगा।