ऋषिकेश के यमकेश्वर ब्लाक के बूंगा गांव में आठवें दिन भी बिजली बहाल नहीं हो पाई।
गांव में आठ दिन से बिजली नहीं
विभाग ने ग्रामीणों के दबाव में नया ट्रांसफार्मर तो भिजवाया, लेकिन अभी तक उसे जोड़ा नहीं गया। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है। ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव में आठ दिन से बिजली नहीं पहुंच पा रही थी।
इसको लेकर लोगों ने विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। अमर उजाला ने बीते शुक्रवार को ‘आठ महीने से पानी नहीं, सात दिन से बिजली’ गुल शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
ट्रांसफार्मर पहुंचाने में आनाकानी
इसके बाद हरकत में आए विभाग ने शनिवार को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मुख्यमार्ग (बिनक में) नया ट्रांसफार्मर भिजवाया। अब विभाग उसे गांव तक पहुंचाने में आनाकानी कर रहा है।
ग्रामीण किशोरी लाल, सत्या भट्ट, कांता प्रसाद का कहना है कि अधिकारियों ने खराब ट्रांसफार्मर को रोड हैड पर और नए को गांव तक पहुंचाने की शर्त रखी है। लापरवाह विभागीय अफसरों की इस शर्त से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
ट्रांसफार्मर भिजवा दिया गया है। दरअसल ठेकेदार के पास मजदूरों की कमी है। लिहाजा गांववालों से मदद मांगी गई थी। एक-दो दिन में बिजली बहाल कर दी जाएगी।
- एसके सहगल, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम