साहिया। होंसला बुलंद हो तो पत्थर पर भी फसल उगाई जा सकती है, यह कर दिखाया है कनबुआ गांव के बीए पास युवा ने। उन्होंने अपने दम पर पोल्ट्री फार्म खोला और अपने साथ-साथ दो युवाओं को भी रोजगार दिया। आज उनके पास अपना पोल्ट्री फार्म है। इसमें 2000 से अधिक छोटे और 1000 के करीब बड़े मुर्गे और मुर्गियां हैं।
तहसील क्षेत्र कालसी के अंतर्गत कनबुआ गांव के नवीन पंवार पुत्र कृशन सिंह पंवार ने 2013 में हाईस्कूल और 2015 में इंटर पास विकासनगर के एक प्राइवेट स्कूल से किया। बीए 2018 में करने के साथ ही दो बार पुलिस व एक बार आर्मी की भर्ती में किस्मत अजमाई, लेकिन निराशा हाथ लगी। वर्ष 2019 में नवीन पंवार ने अपना व्यवसाय करने का मन बनाया, लेकिन पैसा नहीं होने के कारण वह हताश होने लगे। पिता के साथ भैंस पालन करने के बाद उन्होंने बंजर हो चुके खेतों पर धीरे-धीरे पोल्ट्री फार्म बनाने का काम शुरू कर दिया। एक साल की कड़ी मेहनत से उन्होेंने मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू कर दिया। आज उनके पास 2000 से अधिक चूजे और 1000 के करीब बडे़ मुर्गे मुर्गियां हैं। यही नहीं, दो युवाओं को भी वह रोजगार दे रहे हैं। रोज 800 से 900 रुपये कमाने के साथ ही दो युवाओं को मजदूरी देने व मुर्गियों को दाना पानी खर्च निकल रहा है। उनके इस प्रयास से परिजन ही नहीं, बल्कि आसपास के लोग भी खुश हैं और स्वरोजगार की सीख ले रहे हैं। नवीन पंवार का कहना है कि परिजनों का साथ मिलने से आज वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके हैं। वह आगे मछली पालन कार्य शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं।