यदि आपको पोस्ट ऑफिस से मनीआर्डर करना है तो शीघ्र कर दें। 12 और 13 फरवरी को अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ की हड़ताल से डाक सेवा बाधित रहेगी। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में दो दिनों तक चिट्ठी-पत्री के लिए भी ग्रामीणों को इंतजार करना पडे़गा।
सोमवार को डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी की बैठक में निर्णय लिया गया कि बिना किसी दबाव के आंदोलन जारी रहेगा। संघ के अध्यक्ष आरएस कठैत, दीवान सिंह कुंवर, एनएस खत्री व एपी ध्यानी ने कहा कि संघ कई वर्षों से अपनी दस सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित हैं।
बावजूद इसके केंद्र सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं, पोस्टमैन की हड़ताल से जिले के दूरस्थ जोशीमठ, दशोली व घाट क्षेत्रों के ग्रामीणों को मनीआर्डर, चिट्ठी और रजिस्टर्ड डाक के लिए परेशानियों का सामना करना पडे़गा।
डाक कर्मचारियों की मुख्य मांगें
- डीए को मूल वेतन में शामिल किया जाए।
- ग्रामीण डाक सेवकों को सातवें वेतन आयोग के दायरे में रखा जाए।
- अंतरिम राहत की सुविधा दी जाए।
- सातवें वेतन आयोग को एक जनवरी 2014 से लागू किया जाए।
- कैजुअल मजदूरों के वेतन को नियमित किया जाए।
- छठे वेतन आयोग की विसंगतियां दूर की जाए।
- संपूर्ण सेवाकाल के दौरान पांच पदोन्नति दी जाए।