कोटद्वार के जयहरीखाल में मतदानकर्मी की मौत के राज से पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पर्दा उठा दिया है। राजस्व पुलिस ने कहा कि जयहरीखाल ब्लाक में तैनात मतदान कर्मी मेहरबान सिंह की मौत हार्टअटैक से हुई।
रास्ता भटककर वह गांव के बाहर जा पहुंचे, जहां पानी न मिलने से उनकी हालत बिगड़ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी हार्टअटैक की पुष्टि कर रही है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
ड्यूटी के दौरान लापता हुए थे
कौडिया-तीन के पटवारी राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बीरोंखाल के ग्राम सुगरिया पट्टी खाटली निवासी मेहरबान सिंह नेगी (54) पुत्र स्व. नंदन सिंह नेगी बेसिक स्कूल खैराड़ में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत थे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वे स्वास्थ्य खराब होने के कारण जीआईसी जयहरीखाल में रिजर्व में रखे गए थे। इस बीच वे लापता हो गए। खंड विकास अधिकारी को उनका बैग मिला, जिसके आधार पर उनकी गुमशुदगी की तहरीर लैंसडौन थाने में दी गई।
बाद में मिली थी लाश
22 जून की देर शाम जयहरी और परिंदा गांव की सीमा में उनका शव मिला। पटवारी बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला रास्ता भटकने का लग रहा है। छानबीन की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक बताया गया है। इसकी सूचना रिटर्निंग ऑफिसर को भेजी जा रही है।