सरकारी और गैरसरकारी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, मंत्री व सरकार के महानुभावों के सत्कार के लिए तीन मिनट की समयसीमा तय कर दी गई है। शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है। शासनादेश के मुताबिक उपहार वितरण की रस्म तीन मिनट के भीतर ही निपटानी होगी।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शासन को इस संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए थे। हालांकि उनके निर्देश को इस रूप में समझा गया कि सरकार ने कार्यक्रमों के दौरान उपहारों के वितरण पर रोक लगा दी है।
इस संबंध में शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने भी ऐसा ही बयान दिया था कि सरकार का इरादा मंचों पर उपहार देने व लेने पर रोक लगाने का है। लेकिन शासन स्तर पर काफी सोच विचार के बादमंच पर उपहार वितरण की रस्म के लिए न्यूनतम समयसीमा निर्धारित करने का निर्णय हुआ।
शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन) राधा रतूड़ी ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है। सभी अपर मुख्य सचिवों, सचिवों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और सभी विभागाध्यक्षों को प्रदेश भर में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सादगी से मनाने के आदेश दिए गए हैं। मंच पर उपहार वितरण कार्यक्रम की समय सीमा तीन मिनट कर दी गई है। इस नई व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।