मसूरी से दून लौट रहे दो बाइक सवार छात्र मालसी पुल से पहले तीस मीटर गहरी खाई में गिर गए। सूचना पर कुठालगेट चौकी इंचार्ज और दो कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और अंधेरे होना के बावजूद गहरी खाई में उतर छात्रों को बचा लिया।
दोनो छात्रों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने तीनों बहादुर पुलिस कर्मियों को ढाई हजार रुपए नगद इनाम देकर सम्मानित किया है।
मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के थे छात्र
गुरुवार दोपहर नेहरू कॉलोनी स्थित एक मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के दो छात्र अभिषेक पंवार (19) पुत्र भगत सिंह निवासी गोपेश्वर और गौरव गुरुरानी (20) पुत्र रवींद्र गुरुरानी निवासी एकता एन्क्लेव, मसूरी बाइक से बर्फ का आनंद लेने गए थे।
शाम को लौटते हुए मालसी डियर पुल से पहले सड़क पर टेलिकॉम कंपनी की वायर में उलझकर उनकी बाइक फिसल गई। झटके से बाइक वहीं गिर गई, दोनों छात्र लुढ़कर खाई में जा गिरे। करीब तीस मीटर तक झाड़ियों में घिसटते हुए दोनों नीचे पहुंच गए।
पीछे से आ रहे वाहन सवारों ने सूचना पुलिस को दी। कुठालगेट चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल कांस्टेबल सुरेश और राहुल के साथ मौके पर आए।
एसएसपी ने किया सम्मानित
अंधेरा होने के बावजूद सावधानी से तीनों खाई में उतर गए। मशक्कत के बाद दोनों घायलों को पुलिसकर्मी ऊपर ले आए। छात्रों को 108 एंबुलेंस के जरिए दून अस्पताल भेजा गया। एसएसपी केवल खुराना ने तीनों पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।