बदरीनाथ धाम में शुक्रवार से पुलिस थाने का शुभारंभ हो गया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र नेगी के नेतृत्व में पुलिस के 13 जवान बदरीनाथ धाम पहुंच गए हैं। ये जवान बदरीनाथ की तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले धाम में सुरक्षा व्यवस्था, अतिक्रमण, वाहन पार्किंग और यात्रा के लिए आने और जाने के रास्तों का निर्धारण करेंगे।
शुक्रवार को धाम पहुंचने के बाद थानाध्यक्ष सत्येंद्र नेगी ने बदरीनाथ में शीतकाल में ड्यूटी पर तैनात जवानों का हालचाल पूछा। उन्होंने जवानों से छह माह तक धाम में शांति व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने जवानों के साथ यात्रा तैयारियों का खाका तैयार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले थाना परिसर की साफ-सफाई और माणा रोड, बस अड्डे व अन्य स्थानों पर वाहन पार्किंग का चिह्निकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।