एक सप्ताह पहले प्रेमनगर सरकारी अस्पताल से चोरी हुई नवजात बच्ची की मां अनीता का डीएनए सैंपल लेकर शनिवार को दिल्ली भेज दिया गया। इसका मिलान दिल्ली में कुछ दिन पहले बरामद लावारिस नवजात बच्ची से कराया जाएगा।
अनीता के डीएनए का एक सैंपल लोकल एफएसएल में भी रखा गया है। वहीं, इस मामले में आठ दिन बाद भी पुलिस अंधेरे में हैं।
19 सितंबर को चोरी हुई थी बच्ची
उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर को प्रेमनगर के सरकारी अस्पताल में गार्ड राजेश की पत्नी अनीता ने एक बच्ची को जन्म दिया था। उसी दिन शाम को एक महिला इंजेक्शन लगवाने के बहाने बच्ची लेकर भाग गई थी। काफी प्रयासों के बाद अभी भी पुलिस बच्ची चुराने वाली महिला तक नहीं पहुंच पाई है।
पुराने बच्चा चोरों के साथ संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ गई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। इसी बीच 20 सितंबर को दिल्ली के ओखला में एक लावारिस नवजात बच्ची बरामद हुई। पुलिस उस दिन से ही बच्ची के भाग्य का फैसला अनीता और उसके डीएनए मिलान के जरिए कराना चाहती है।
परिजन नकार चुके हैं दिल्ली में मिली बच्ची को
हालांकि, चोरी हुई बच्ची का परिवार दिल्ली में मिली बच्ची को नकार चुका है। तीन दिन पहले पुलिस ने कोर्ट से राजेश की पत्नी अनीता का डीएनए सैंपल लेने की अनुमति ली थी।
एसओ प्रेमनगर रवि सैनी ने बताया कि शनिवार को एफएसएल की टीम ने अनीता का डीएनए सैंपल लिया है। अब एम्स में भर्ती बच्ची के डीएनए से उसका मिलान कराया जाएगा। अगले 15 से 20 दिन में मिलान का परिणाम आने की उम्मीद है।