इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग की महत्ता को नकारा नहीं जा सकता है। इसका प्रयोग करते हुए सावधानियां बरतने की जरूरत है, ताकि कोई किसी तरह के साइबर क्राइम का शिकार न बन सके।
उपरोक्त बातें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने अमर उजाला की ओर से मनाए जा रहे उत्तराखंड उदय उत्सव के तहत बुधवार को एमकेपी इंटर कॉलेज में आयोजित पुलिस पाठशाला में कहीं। उन्होंने कहा कि जरा सी चूक बड़ी मुसीबत बन सकती है। उन्होंने छात्राओं से छोटी-छोटी घटनाओं को गंभीरता से लेकर परिजनों से शेयर करने के लिए कहा।
उत्तराखंड उदय उत्सव के तहत बुधवार को एमकेपी प्रबंध समिति के सहयोग से एमकेपी इंटर कॉलेज में पुलिस पाठशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसपी डॉ. दाते ने छात्राओं को साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि फेसबुक और व्हाट्स एप पर निजी जानकारी डालने से बचा जाए, ताकि उनके दुरुपयोग की संभावना न रहे।
देखने में आया है कि फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी और फोटो डालने जैसी घटनाओं को लड़कियां हल्केपन से लेती हैं। इसके बाद में गंभीर परिणाम होते हैं। यदि ऐसा कुछ भी घटे तो परिजनों अथवा पुलिस को जरूर बता दें, ताकि समय रहते आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो सके। एसएसपी ने कहा कि पुलिस महिला अपराधों के प्रति गंभीर है। उन्होंने अपराध से जुड़े कानूनों और सजा पर विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक प्रदीप राय ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी की वजह से हर साल देशभर में डेढ़ लाख लोगों की मौत हो रही है, जबकि पांच लाख से अधिक लोग घायल हो रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि मरने वालों में अधिकांश की उम्र 17 से लेकर 35 साल के बीच की है।
उन्होंने कहा कि हेलमेट चालान से पुलिस को कोई फायदा होने वाला नहीं है, लेकिन वाहन चालक की जान जा सकती है या फिर वह अपंग हो सकता है। अभिभावकों को भी जागरूक करने की जरूरत है। निर्धारित आयु सीमा से पहले बच्चों को वाहन उपलब्ध न कराए। उन्होंने लाइसेंस और बीमा न होने वाली दिक्कतों की जानकारी दी।
एमकेपी प्रबंधन के अवैतनिक सचिव जितेंद्र नेगी ने अमर उजाला के उत्तराखंड उदय उत्सव को अच्छी पहल बताते हुए लोगों से इससे जुड़कर प्रदेश में जश्न का माहौल बनाने का अनुरोध किया। प्रधानाचार्य अर्चना गोयल ने आभार जताया।
शिक्षिका डॉ. सीमा रस्तोगी के संचालन में हुई पाठशाला में एमआईटी के निदेशक डॉ. एसआर शर्मा, डिप्टी रजिस्ट्रार गिरिश जोशी, कंप्यूटर साइंस की विभागाध्यक्ष गीता चौहान, लता राणा, डॉ. उमा शर्मा उपाध्याय, मोनिका बनर्जी, गायत्री बहुगुणा, किरण सिंह, रीना गोयल, सच्ची शर्मा, अनीता नेगी, निर्मला आदि मौजूद रही।
ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ
छात्राओं ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए बोर्ड पर हस्ताक्षर कर यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं ने भी हस्ताक्षर किए।
थाने का कराएं भ्रमण
एसएसपी ने पुलिस कार्यों को समझने के लिए छात्राओं को ग्रुप में थाना, महिला सेल, कंट्रोल रूम का भ्रमण कराने का अनुरोध किया, ताकि छात्राओं में आत्म विश्वास बढ़ाने के साथ पुलिस के पास न जाने की हिचक को दूर किया जा सके। दूसरे स्कूलों के बच्चों को इस तरह ग्रुपों में बुलाने का प्रयास किया जाएगा।
अमर उजाला ने उत्तराखंड उदय उत्सव मनाने की अनूठी पहल की है। इसके माध्यम से सोशल नेटवर्किंग का प्रयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी हुई। इससे न केवल छात्राएं, बल्कि उनके परिजन भी लाभांवित होंगे।
- कोमल शर्मा, छात्रा
पाठशाला के माध्यम से ट्रैफिक नियमों की जानकारी में इजाफा हुआ है। परिजनों और परिचितों को सुरक्षा की दृष्टि नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करूंगी। यदि चूक गए तो फिर पछताने का मौका नहीं मिलेगा।
- सानिया, छात्रा
अमर उजाला को धन्यवाद। पाठशाला में आए अधिकारियों ने साइबर क्राइम से बचने और दुर्घटना टालने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। समझाने का तरीका बेहद अच्छा लगा। सोशल नेटवर्किंग का प्रयोग सोच-समझकर करेंगे।
- मोनिका शर्मा, छात्रा
पाठशाला के माध्यम से कई जानकारियां मिली हैं। ये दिनचर्या में काफी काम आएंगी। खासतौर से वाहन चलाते समय फोन का प्रयोग न करने के लिए परिचितों को जागरूक करने का काम किया जाएगा।
- दीपाली सूरी, छात्रा