भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर रविवार सुबह मुख्यमंत्री ड्यूटी के लिए कांस्टेबलों को लेकर बेतालघाट जा रही पुलिस वैन के रातीघाट के पास ब्रेक फेल हो गए।
विज्ञापन
चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वैन को पहाड़ी से टकरा दिया। इसके बाद वैन सड़क पर पलट गई। जिससे इसमें सवार 26 पुलिसकर्मी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन पुलिस कर्मियों में से एक को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
नैनीताल पुलिस लाइन से वैन (यूए 04 ई-4297) रविवार सुबह 26 पुलिस कर्मियों को लेकर बेतालघाट की ओर जा रही थी। साढ़े आठ बजे जैसे ही वैन रातीघाट के पास पहुंची, तभी उसके ब्रेक फेल हो गए।
विज्ञापन
चालक सुरेश चंद्र ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वैन को सड़क किनारे की पहाड़ी से टकरा दिया, इसके बाद वैन एनएच के बीचोंबीच पलट गई। डंपर की मदद से पलटी वैन को हटाया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
घायलों को एंबुलेंस 108 और पुलिस के अन्य वाहनों से सीएचसी खैरना लाया गया, जहां से 23 पुलिस कर्मियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उपनिरीक्षक अमर सिंह ह्यांकी को 108 से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
जबकि दो अन्य घायलों गौरव सिंह एवं शिवशंकर खबर लिखे जाने तक सीएचसी खैरना में ही भर्ती थे।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही सीएम ड्यूटी को जा रहे सीओ नैनीताल हरीश चंद्र सती, भवाली के कोतवाल हरीश चंद्र पांडा, चौकी प्रभारी देवनाथ गोस्वामी खैरना सीएचसी पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
वैन चालक सुरेश चंद्र, उपनिरीक्षक अमर सिंह ह्यांकी, कांस्टेबल राजीव कुमार, महेंद्र नयाल, प्रेम पाल, सुरेंद्र रौतेला, मनोज शर्मा, ललित तिवारी, महेंद्र सिंह, कमल बिष्ट, महिप किशोर, समेंद्र सिंह, श्रीकृष्ण, आनंद सिंह, सुनील, शिवशंकर, अनिल कुमार, मनोज द्विवेदी, गौरव सिंह, महेंद्र सिंह, संजय यादव, विजय कुमार, मोनू कुमार, हरीश सिंह बिष्ट, दीपक रौतेला, जहीर अहमद सभी निवासी पुलिस लाइन नैनीताल।
चोटिल पुलिस कर्मियों को फिर ड्यूटी में भेजा सड़क पर पलटी पुलिस वैन में सवार कुल 26 में से 23 पुलिस कर्मी ऐसे थे, जिन्हें हल्की चोटें आई थी। हालांकि इन्हें सीएचसी खैरना में प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
लेकिन उक्त सभी पुलिसकर्मियों को आराम की जरूरत थी, क्योंकि वह सभी हादसे के बाद से घबराए थे। बावजूद इसके पुलिस अधिकारियों ने चोटिल पुलिस कर्मियों को फिर से मुख्यमंत्री ड्यूटी में बेतालघाट भेज दिया।