नगर पालिका और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को विकासनगर मुख्य बाजार में अतिक्रमण और आड़े-तिरछे वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने फुटपाथ पर रखे गए सामान को जब्त कर लिया। सामान जब्तीकरण को लेकर पुलिस प्रशासन और व्यापारियों की तीखी नोंकझोक भी हुई। डाकपत्थर तिराहा से शुरू हुआ अभियान मंडी चौक तक चला। इस दौरान पुलिस ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करने पर 24 लोगों के 81 पुलिस एक्ट में चालान काटे। जिनसे 6150 रुपये की राजस्व वसूली की गई। 78 लोगों के चस्पा और छह लोगों के नकद चालान काटे गए। फुुटपाथ पर रेहड़ी लगा रास्ता अवरुद्ध करने पर 15 रेहड़ी को जब्त कर लिया गया।
बुधवार को बाजार चौकी प्रभारी दीपक मैठाणी के नेेतृत्व में डाकपत्थर तिराहे से अभियान की शुरूआत हुई। पुलिस को आता देख ज्यादातर दुकानदार अपने सामान को समेटते नजर आए। रेहड़ी और ठेली वाले गलियों में भागते नजर आए। अभियान के खौफ के कारण ज्यादातर व्यापारियों ने फुटपाथ पर दुकान न लगाने में ही अपनी भलाई समझी। मालूम हो कि मुख्य बाजार में अक्सर व्यापारी फुटपाथ से बाहर सड़क तक अपनी दुकानों को सजा देते हैं। जिससे आम जन के लिए सड़क पर चलने के लिए जगह नहीं बचती। उन्हें आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही सड़क पर आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण भी अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। पुुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार दीपक मैठाणी, पृथ्वी सिंह, प्रमोद कुमार, सुरेश चंद्र बलूनी, सतेंद्र भंडारी, शरद चंद गुंसाई, हिमानी चौधरी, निधि डबराल, सनोज, कॉस्टेबल अमित कवि, राजुमार, वाजेद अली, अजीत, राजेश चौहान, नरेश पंवार, त्रेपन सिंह, संदीप, यशपाल, अनोज, धनकौर, संगीता शामिल रहे।
साहब! कभी अंदरूनी सड़कों पर भी ध्यान दो
विकासनगर। पुलिस के अतिक्रमण विरोधी अभियान के चलते मुख्य बाजार का फुटपाथ पूरी तरह से खाली नजर आया। जिस कारण फुटपाथ पर चलने वालों को राहत मिली। आड़े-तिरछे वाहनों के कारण लगने वाले जाम की समस्या भी सड़क पर कहीं नजर नहीं आई। चालान कटता देख ज्यादातर वाहन चालकों ने सफेद लाइन के भीतर ही वाहन खड़े करने में अपनी भलाई समझी। वहीं अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की। स्थानीय निवासी रमेश यादव, अजय चौहान, विनित तोमर आदि का कहना है कि पुलिस को कभी शहर की अंदरूनी सड़कों पर भी अभियान चलाया चाहिए। अस्पताल रोड पर अक्सर वाहन चालक आड़े-तिरछे पार्क कर देते हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। उक्त रोड पर अस्पताल भी है। ऐसे में कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है। इसके साथ ही कॉलेज रोड, सिनेमा गली, पहाड़ी गली, विद्यापीठ रोड पर भी अतिक्रमण के अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।