देहरादून स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी के साथ दुराचार और गर्भपात मामले की पुलिस अलग से जांच कर रही है।
पुलिस का फोकस उस फैक्स मशीन पर है जहां से अमर उजला को गुप्त पत्र फैक्स किया गया था। पुलिस का मानना है कि मामले के खुलासे में यह फैक्स मशीन अहम साबित हो सकती है। यही वजह है कि पुलिस फैक्स मशीन की लोकेशन और भेजने वाले के संबंध में जानकारी जुटा रही है। रविवार से पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
17 नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फैक्स नंबर 01352621190 से अमर उजाला को पत्र भेजकर नारी निकेतन में एक संवासिनी के शारीरिक शोषण और गर्भपात का खुलासा किया था। अमर उजाला में पत्र प्रकाशित होने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि, मामले की जांच जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम कर रही है लेकिन वह मूल मुद्दे की ओर नहीं बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस अपनी तरफ से मामले की जांच कर रही है जोकि काफी अहम मानी जा रही है।
अमर उजाला का भी मानना है कि जिस नंबर से फैक्स भेजा गया है उसकी पहचान होने से सच सामने आ सकता है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि पुलिस अपनी अलग जांच कर रही है। इसमें सबसे पहले उस फैक्स मशीन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, जहां से फैक्स भेजा गया। इसके बाद भेजने वाले की पहचान की जाएगी। इसके बाद अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास किया जाएगा।
जांच समिति ने दर्ज किये नारी निकेतन में बयान
संवासिनी के कथित यौन उत्पीड़न मामले में एडीएम के नेतृत्व गठित जांच समिति ने रविवार को फिर नारी निकेतन जाकर संवासिनियों के बयान दर्ज किये। हालांकि, इस प्रकरण की शुरूआत जिस गोपनीय पत्र से हुई थी उसकी पड़ताल नहीं हो पाई है।
शनिवार को तीन संवासिनियों के हुए मेडिकल की रिपोर्ट आने का इंतजार जांच समिति कर रही है। समिति के मुताबिक पड़ताल पूरी करने में तीन-चार दिन और लगेंगे।
जिला प्रशासन की जांच उन मूक बधिर संवासिनियों के इर्दगिर्द घूम रही, जिन्होंने एक वीडियो क्लिप में नारी निकेतन में गड़बड़ियों के संबंध में आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर, जांच दल उस गुप्त पत्र तक नहीं पहुंच पाया है जो 17 नवंबर को अमर उजाला को भेजा गया था।
गुप्त पत्र के हवाले से मामला प्रकाशित होने के बाद वीडियो क्लिप भी अमर उजाला को मिली थी। जिला अधिकारी रविनाथ रमन के स्तर से पहले जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच सौंपी गई, लेकिन जब मामला उछला तो एडीएम के अधीन तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करनी पड़ी।
मेडिकल रिपोर्ट को मान रहे अहम
शनिवार को जिला प्रशासन ने जिन तीन संवासिनियों का मेडिकल करवाया है, उसकी रिपोर्ट को अहम माना जा रहा है। कुछ मेडिकल टेस्ट की जांच तो हो चुकी है, लेकिन पैथोलाजी से संबंधित नमूनों की रिपोर्ट सोमवार को आएगी।
रविवार को नारी निकेतन में बयान दर्ज किये गए। जिन संवासिनियों का मेडिकल हुआ है उनकी रिपोर्ट एक दो दिन में आ जाएगी। उसके बाद जांच से संबंधित अन्य तथ्यों का आकलन कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
- एडीएम झरना कमठान, जांच अधिकारी