पुलिस ने जिले के 252 लोगों के मोबाइल खोजकर उन्हें नए साल का तोहफा दिया है। पुलिस ने ये मोबाइल कई राज्यों से बरामद किए हैं।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने नए साल पर 18 मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे। एसएसपी ने बताया कि दून पुलिस, साइबर सैल, एसओजी ग्रामीण की मदद से पचास लाख, पचास हजार रुपये के मोबाइल फोन बरामद किए गए। शहर में खोए यह मोबाइल दिल्ली, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश तक पहुंच गए थे।
पुलिस साइबर सैल और एसओजी ग्रामीण ने सर्विलांस के माध्यम से इन्हें बरामद किया। सोमवार को एसएसपी ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने गौरव ठाकुर, शिव प्रसाद नौटियाल, अंजू देवी, आरती समेत करीब 18 लोगों को उनके मोबाइल लौटाए। खोये मोबाइल फिर से मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
एसएसपी ने कहा कि शेष बरामद मोबाइल उनके मालिक तक पहुंचाने के लिए पुलिस संपर्क कर रही है। उन्होंने सभी से कम मूल्य के लालच में अनजान व्यक्ति से बिना वैध बिल के मोबाइल फोन न खरीदने की अपील की।