बुधवार को पुलिस ने एक कांग्रेसी नेता का चालान काटकर जेल में बंद कर दिया। पत्नी से विवाद के बाद नए हरिद्वार में पानी की टंकी पर चढ़े कांग्रेसी नेता को पहले घंटों मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
ज्वालापुर निवासी महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष पराग चाकलान का मंगलवार की देर रात किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। रात के समय पराग नए हरिद्वार स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। हाथ में तेल की कैन लेकर पराग आत्मदाह की चेतावनी देने लगा। शोर सुनकर नीचे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ पहुंची और उसके परिजनों को भी बुलवा लिया गया। पुलिस और परिजन बार बार उससे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कांग्रेसी नेता अपनी पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की धमकी देता रहा।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस, परिजन व पराग के मित्र उसे मनाने में कामयाब हुए और काफी समझाने बुझाने पर वह नीचे आ गया। नीचे उतरने पर पुलिस उसे ज्वालापुर कोतवाली ले गई। जहां उसके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि टंकी पर चढ़े युवक के खिलाफ उपनिरीक्षक सुरेंद्र नेगी की ओर से आत्महत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।