देहरादून ने पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में नेहरू कॉलोनी, डालनवाला और पटेलनगर क्षेत्र से छह वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनसे नौ दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं।
चोरों के नाम लक्ष्मण प्रसाद थपलियाल निवासी माजरी माफी, मोहम्मद सलमान निवासी ब्राह्मणवाला, राजू उर्फ राहुल भट्ट निवासी चंद्रबनी रोड सेवला कलां और पूरन सिंह निवासी ट्यूबवेल नंबर-4 ब्रह्मपुरी थाना पटेलनगर हैं। दो अन्य चोर नाबालिग हैं। इनमें से एक 12वीं, जबकि दूसरा दसवीं का छात्र है।
पुलिस ने पकड़े चोर
वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद एसएसपी ने हाल ही में नेहरू कालोनी और पटेलनगर थाने की संयुक्त टीम बनाई थी। सोमवार दोपहर अंबीवाला गुरुद्वारे के पास चेकिंग के दौरान दो स्कूटी पर सवार दो युवकों और दो किशोरों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद उनसे चुराई गई तीन और स्कूटी बरामद हुई। यहां पकड़े गए युवकों में लक्ष्मण ने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, जबकि मोहम्मद सलमान पटेलनगर में मैकेनिक शॉप चलाता है।
चोरी की स्कूटी संग धरा
पकड़े गए एक नाबालिग ने बताया कि वह चुराई गई स्कूटी, बाइक सलमान को बेचता था। दूसरी ओर, ब्राह्मणवाला चौक के पास भी दो युवकों को चोरी की स्कूटी संग धरा गया।
यहां पकड़े गए पूरन सिंह और राजू उर्फ राहुल भट्ट की निशानदेही पर शकुंतला इंस्टीट्यूट के पीछे खाली मैदान की झाड़ियों से तीन और स्कूटी बरामद की गई। एसएसपी केवल खुराना ने टीम को ढाई हजार के पुरस्कार की घोषणा की।
राजू पर हत्या का मुकदमा
एसएसपी ने बताया कि राजू और पूरन नशे के आदी हैं और शातिर बदमाश भी। बाइकों का लॉक घिस जाने के बाद वे डुप्लीकेट चाबी से उसे खोलकर चोरी करते थे।
दोनों पर चोरी, नकबजनी, बलात्कार, छेड़छाड़, हत्या के प्रयास जैसे अपराध भी दर्ज हैं। राजू पर चोरी के दौरान एक हत्या करने का भी मुकदमा दर्ज है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए लोगों से विस्तार से पूछताछ की जाएगी।
बड़े घरों के बच्चे हैं नाबालिग
चोरी के आरोप में धरे गए दोनों नाबालिग संपन्न परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। इनमें से एक छात्र के पिता बैंक में अधिकारी हैं, जबकि दूसरे के पिता शिक्षा विभाग में। बताया जा रहा है कि दोनों ने महंगे शौक पाल लिए थे, जिन्हें पूरा करने के लिए वे वाहन चोरी करने लगे।