रात को हैंडपंप पर बर्तन धो रहे तीर्थयात्रियों को गाड़ी से कुचलने वाला चालक पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी ने बड़ी बेदर्दी से तीन यात्रियों को कुचल दिया था। जिसमें दो की मौत हो गई।
घटना 20 जून रात्रि की है। रुद्रप्रयाग जनपद में गंगोत्री-यमनोत्री से 34 नेपाली पर्यटकों का दल अपने वाहनों से बाबा केदार के दर्शनों को लेकर तिलवाड़ा पहुंचा। रात्रि 10 बजे के बाद भोजन के उपरांत दल के तीन सदस्य तिलवाड़ा बाजार से कुछ दूरी पर मयाली बैंड के समीप अनूप होटल के किनारे हाईवे पर लगे हैंडपंप पर वर्तन धोने में जुट गए।
करीब 11 बजे मयाली की तरफ से एक तेज रफ्तार मैक्स इन लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। जोर से चिल्लाने पर यात्रियों के अन्य साथ व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन वाहन चालक घटनास्थन पर रुकने के बजाय मय वाहन फरार हो गया।
हादसे में हीरा पहाड़ी (65) पत्नी मोतीलाल, निवासी पोखरा, नेपाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घायल सबिन लीगल (42) पुत्र होम प्रसाद और रवि (35) मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 से रात्रि 11.40 बजे जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। जहां सबिन की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल रेफर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इधर, जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती रवि की हालत खतरे से बाहर है। साथ के अन्य यात्री हादसे के बाद से बेहाल हैं। थाना अगस्त्यमुनि के प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि हादसे के आरोपी वाहन चालक को सुबह गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को बेहतर यातायात को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं।