बैठक में सरकार की ओर से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वित्त मंत्री प्रकाश पंत और सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित थे तो संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल और खजान दास की मौजूदगी रही।
इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की पांचों लोस सीटों को जीतने की रणनीति पर मंथन किया। बैठक से मीडिया को पूरी तरह से दूर रखा गया। लेकिन सूत्रों के हवाले से जो जानकारी सामने आ रही है, उसके मुताबिक सरकार और संगठन को अब लोस चुनाव को केंद्र में रखकर गतिविधियां में तेजी लाने पर जोर दिया गया। सूत्रों की मानें तो लोस सीटों पर संगठन के स्तर पर कराए गए सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर आगे की सांगठनिक और चुनावी रणनीति तय होगी।
केंद्रीय नेताओं ने केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से मिली उपलब्धियों को प्रदेश की जनता के सामने तुलनात्मक आंकड़ों के जरिए परोसने पर जोर दिया। तय हुआ कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और नुक्कड़ नाटकों, नुक्कड बैठकों में योजनाओं का प्रचार हो ताकि लोकसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके।
उन्होंने सरकार से यह अपेक्षा की कि वह ऐसी योजनाओं के प्रचार और प्रसार पर फोकस करे जो कल्याणकारी और सीधे जनता के हितों से जुड़ी हैं और जिनका चुनाव में पार्टी का लाभ हो सकता है। लोस चुनाव से ठीक पहले आयुष्मान योजना का शुभारंभ पार्टी की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।