प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में कोरोना पर नियंत्रण हुआ है, लेकिन अभी भी पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत है। हम आपदा के समंदर से किनारे तक आ गए हैं, यह ध्यान रहे कि अब कोई भी लापरवाही न रहे। हमें पॉजिटिविटी रेट को पांच प्रतिशत से कम रखना होगा और आरटीपीसीआर टेस्ट पर विशेष ध्यान देना होगा। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकारों के संगठित प्रयासों से देश में कोरोना काफी हद तक नियंत्रण में है।
सभी मुख्यमंत्री सुझाव साझा करें
पीएम ने कहा कि कोरोना के मैनेजमेंट को लेकर सबके पास एक व्यापक अनुभव है। सभी मुख्यमंत्री अपने अनुभवों को जरूर साझा करें, ताकि कोरोना पर पूर्ण नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति बन सके।
सबको लगेगी वैक्सीन
पीएम ने कहा कि कोविड वैक्सीन की उपलब्धता के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। वैक्सीन सभी को लगवाई जाएगी, लेकिन इसके लिए शुरुआती चरण में प्राथमिकताएं क्या होंगी, राज्य सरकारें भी इस पर अपना सुझाव जरूर दें। टीकाकरण के लिए राज्य कोल्ड चेन स्टोरेज और विभिन्न मापदंडों के आधार पर व्यवस्थाएं कर लें।