चौफुला और पौंणा नृत्य से करेंगे पीएम का स्वागत
देश के अंतिम गांव माणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित कार्यक्रम को लेकर भोटिया जनजाति के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण चौफुला और पौंणा नृत्य से प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा ने बताया कि ग्रामीणों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। गांव में सफाई अभियान भी चलाया गया है। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री मोदी माणा गांव पहुंच रहे हैं।
उत्तराखंड की विशेष वस्तु की जाएगी प्रधानमंत्री को भेंट
आगामी 21 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ धाम के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। समिति द्वारा प्रधानमंत्री का केदारपुरी में भव्य स्वागत किया जाएगा। साथ ही उन्हें उत्तराखंड की विशेष पहचान वाली वस्तुओं को प्रतीक चिह्न के रूप में भेंट किया जाएगा।
बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का केदारनाथ से विशेष स्नेह रहा है। उन्होंने अस्सी के दशक में गरुड़चट्टी में डेढ़ माह तक साधना भी की थी। इसलिए, उनका इस क्षेत्र से विशेष स्नेह है। इस बार, समिति द्वारा प्रधानमंत्री का केदारनाथ मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया जाएगा। साथ ही उन्हें उत्तराखंड की पहचान से जुड़ी वस्तुएं प्रतीक चिह्न के रूप में भेंट की जाएगी। प्रधानमंत्री को तुलसी की माला, रुद्राक्ष की माला और केदारनाथ का प्रसाद भी भेंट किया जाएगा। 18 अक्तूबर तक सभी तैयारियां पूरी कर दी जाएगी।