डीआईजी गढ़वाल करन नगन्याल ने जवानों के साथ की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा को लेकर इमरजेंसी के लिहाज से गौचर हवाई पट्टी में सुरक्षा के इंतजाम चाक-चौबंद किए गए हैं। डीआईजी गढ़वाल करन नगन्याल ने पुलिस जवानों के साथ बैठक की।
गौचर हवाई पट्टी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस के एक डीआईजी, एक एआईजी, तीन एसपी, पांच सीओ, चार इंस्पेक्टर, 16 सब इंस्पेक्टर, छह लेडीज एसआई, 13 हेड कांस्टेबल, 65 जवान और एक कंपनी पीएससी के जवानों को तैनात किया गया है। एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि व्यवस्थाएं पूरी कर दी गई हैं। वहीं, विधायक अनिल नौटियाल पीएम के कार्यक्रम को लेकर बदरीनाथ चले गए हैं। उन्होंने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि मोदी देवभूमि आ रहे हैं।
गौचर व बदरीनाथ में बनाए कोविड जांच केंद्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केदारनाथ व बद्रीनाथ यात्रा के दौरान गौचर और बद्रीनाथ में कोविड जांच केंद्र बनाए गए हैं। जहां ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों की कोविड जांच की जा रही है। इनमें सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल, यातायात आदि व्यवस्थाओं को सुचारु रखने वाले अधिकारी, कर्मचारी और जवान शामिल हैं। तैनाती से पूर्व इनकी कोविड जांच की जा रही है। सीएचसी कर्णप्रयाग से भी कोविड जांच के उपकरणों को बद्रीनाथ पहुंचाया गया है। पीएचसी गौचर में तीन दिनों से कर्मचारियों की कोविड जांच चल रही है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. नंदिनी आर्य ने बताया कि गौचर में अभी तक 200 से अधिक कर्मचारियों की जांच पूरी की जा चुकी है। किसी में भी कोविड के लक्षण नहीं पाए गए हैं।