सेलाकुई थाना क्षेत्र में जमीन खरीदने के बाद खरीदार को न तो प्लॉट का कब्जा मिला और न ही कॉलोनी में सड़क, स्ट्रीट लाइट व पानी जैसी सुविधाएं विकसित हुईं। दिल्ली के मोहम्मदपुर निवासी विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र के डाकरा बाजार निवासी पूजा कंडवाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि शिकायतकर्ता गांव चपलोड़ी जिला पौड़ी गढ़वाल निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 18 जून 2018 को उन्होंने पूजा कंडवाल से विकासनगर तहसील क्षेत्र के मौजा अटक फार्म में भूमि खरीदी थी। आरोप है कि जमीन की बिक्री के दौरान विक्रेता ने पूरी सोसाइटी को विकसित करने का आश्वासन दिया था। इसमें सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, पानी की आपूर्ति और बाउंड्री वॉल बनवाने की बात कही गई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आश्वासन के मुताबिक सुविधाएं नहीं मिलीं। आरोप है कि जमीन पर अब तक न सड़क, न स्ट्रीट लाइट और न ही पानी की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही शिकायतकर्ता को उसके खरीदे गए प्लॉट का वास्तविक कब्जा भी नहीं दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले को गंभीर धोखाधड़ी बताते हुए भूमि पर विधिसम्मत कब्जा दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।